मीनेश चन्द्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख
सवाई माधोपुर। भारतीय राजनीति का चमकता सितारा सांसद प्रियंका गांधी ने गुरुवार को अपने परिवार के साथ सवाई माधोपुर के रणथम्भौर नेशनल पार्क में सफारी की। इस दौरान प्रियंका गांधी की जिप्सी के सामने टाइगर आ गया। जैसे ही टाइगर झाड़ियों से निकला टूरिस्ट सहम गए। टाइगर जब आगे बढ़ा तो खड़े होकर वीडियो बना रहे पर्यटक डर कर अपनी सीटों पर बैठ गए।

अद्भुत नजारे को पर्यटकों ने अपने कैमरे में कर रहे कैद
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी अपने भाई राहुल गांधी और परिवार के साथ 30 दिसंबर को चार दिन के दौरे पर रणथंभौर पहुंची हैं। उन्होंने आज रणथंभौर में टाइगर सफारी का लुत्फ उठाया। 1 जनवरी को टूरिस्ट की जिप्सियों के सामने से टाइगर टहलते हुए कच्चा रास्ता पार कर झाड़ियों में ओझल हो गया। इस अद्भुत नजारे को पर्यटकों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया।

5 जिप्सियों में सवार था वाड्रा परिवार
आपको बता दे, प्रियंका वाड्रा की ओर से गुरुवार को सफारी के लिए 5 जिप्सियां बुक की गई थीं। प्रियंका के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, बेटे रेहान, बेटी मिराया और रेहान की मंगेतर अवीवा बेग और उनका परिवार भी था। प्रियंका अपने परिजनों के साथ दोपहर करीब 2 बजे गणेश धाम गेट से एंट्री ली। इस दौरान उन्होंने लेक एरिया और जोगी महल इलाके में प्राकृतिक सुंदरता को निहारा। उन्होंने जोन नंबर तीन में करीब ढाई घंटे तक सफारी की। इस दौरान टाइगर के आने की सूचना मिली तो जिप्सियां एक जगह ही रुक गईं। तभी बाघिन रिद्धि का बेटा शुभ झाड़ियों से निकलकर जिप्सियों के आ गया। धीरे-धीरे कच्चे रास्ते से होते हुए दूसरी तरफ झाड़ियों में चला गया।

चार दिन तक रणथंभौर में रुकने का कार्यक्रम
प्रियंका वाड्रा का काफिला मंगलवार दोपहर 12.45 बजे राहुल गांधी के साथ रणथंभौर पहुंचा था। इसके बाद वे सीधे होटल शेर बाग पहुंचे। जानकारी के अनुसार- प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी 4 दिन तक रणथंभौर में रुकेंगे। हालांकि कार्यक्रम को व्यक्तिगत रखा गया है, जिसमें बाहरी लोगों की आवाजाही मना है।
इस साल राहुल का दूसरा और प्रियंका का तीसरा दौरा
गौरतलब है कि रणथंभौर टाइगर रिजर्व गांधी परिवार का पसंदीदा स्पॉट है। इस साल राहुल गांधी का यह दूसरा रणथंभौर दौरा है। जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा तीसरी बार यहां पहुंची हैं।
बिजनेसमैन की बेटी हैं अवीवा बेग
प्रियंका वाड्रा की होने वाली बहू अवीवा दिल्ली के एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से आती हैं। उनके पिता इमरान बेग एक बिजनेसमैन हैं। वहीं उनकी मां नंदिता बेग एक जानी-मानी इंटीरियर डिजाइनर हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रियंका गांधी वाड्रा और नंदिता बेग पुरानी दोस्त हैं। नंदिता बेग ने कांग्रेस मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ के इंटीरियर डिजाइन पर भी काम किया है, जिससे दोनों परिवारों के रिश्ते और गहरे हुए। प्रियंका वाड्रा के साथ पहले भी कई बार अवीवा का परिवार भ्रमण कर चुका है।
