मीनेश चन्द्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख
जयपुर। सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों को सबक सिखाने के लिए पुलिस का महा-अभियान हर दिन एक नया मुकाम हासिल कर रहा है। महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के कड़े दिशा-निर्देशों और महानिदेशक पुलिस यातायात श्री अनिल पालीवाल व अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के सीधे पर्यवेक्षण में चल रही इस मुहिम ने उन वाहन चालकों की नींद उड़ा दी है जो काली फिल्म, अवैध बत्तियों और हूटर के दम पर सड़कों पर रसूख दिखाते घूमते थे।

14 दिनों में कार्रवाइयों का नया रिकॉर्ड, काटा 1.16 लाख वाहनों का चालान—
पुलिस की कार्रवाई पर गौर करें तो समेकित आंकड़ों का विश्लेषण से यह बात सामने आई है कि 4 जून से 17 जून 2026 तक के 14 दिनों के भीतर राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में कुल 1,16,937 वाहनों के खिलाफ बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध काली फिल्म लगाने के मामलों में की गई, जिनमें 44,381 चालान बनाए गए। इसके अलावा नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह के 30,148, वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के 16,036, वाहनों की संरचना (बॉडी/चेसिस) में अवैध परिवर्तन के 11,383, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट एवं हूटर के 8,668 तथा प्रेशर हॉर्न/एयर हॉर्न के 6,321 मामलों में कार्रवाई की गई। बुधवार को भी प्रदेशभर में सघन चेकिंग जारी रही। एक ही दिन में 6,731 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें 2,399 वाहन काली फिल्म, 1,686 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 880 अनाधिकृत शब्द एवं लेखन, 777 अवैध मॉडिफिकेशन, 602 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती एवं फ्लैशर तथा 387 प्रेशर हॉर्न के मामले शामिल रहे।

लगातार दूसरे दिन भी जयपुर पश्चिम जिला रहा अव्वल—
गौर तलब है कि इस कार्रवाई में जयपुर पश्चिम जिला 522 चालानों के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। इसके बाद उदयपुर में 426, जयपुर ग्रामीण में 400, जयपुर यातायात में 319, धौलपुर में 272, दौसा में 265 तथा चित्तौड़गढ़ में 262 चालान किए गए। वहीं बारां 223, भरतपुर 200 और झुंझुनूं 196 भी प्रमुख जिलों में रहे।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील —
डीजी श्री पालीवाल ने बताया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। आमजन से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहनों में अनधिकृत संशोधन, काली फिल्म, अवैध हूटर, फ्लैशर एवं नियम विरुद्ध नंबर प्लेट का उपयोग नहीं करें, ताकि सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

