मीनेश चंद्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख
सड़क सुरक्षा पर राजस्थान पुलिस का सख्त एक्शन : 12 दिनों में 1 लाख से ज्यादा वाहनों पर कार्रवाई

जयपुर। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस ने प्रदेशभर में व्यापक अभियान छेड़ रखा है। इस विशेष अभियान के तहत महज 12 दिनों में 1,02,878 वाहनों के खिलाफ चालान और जब्ती की कार्रवाई कर कानून तोड़ने वालों को कड़ा संदेश दिया गया है।
वाहन चालकों पर सख्ती से कार्रवाई —-
पुलिस मुख्यालय के अनुसार 4 जून से 15 जून तक चलाए गए इस अभियान में ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अवैध मॉडिफिकेशन, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, हूटर और प्रेशर हॉर्न लगाने वाले वाहन चालकों पर सख्ती से कार्रवाई की गई।
अभियान पूरी दृढ़ता के साथ रहेगा जारी —
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है और भविष्य में भी यह अभियान पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा।

ब्लैक फिल्म वालों पर सबसे बड़ी कार्रवाई —
अभियान के दौरान सबसे ज्यादा कार्रवाई वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म के खिलाफ हुई। पुलिस ने 39,417 वाहनों पर कार्रवाई कर ब्लैक फिल्म हटवाई। इसके अलावा—
26,545 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट
14,119 अनाधिकृत शब्द और चिन्ह
9,870 अवैध मॉडिफिकेशन
7,428 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर और हूटर
5,499 प्रेशर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई।
एक दिन में 7 हजार से अधिक वाहनों पर शिकंजा —
अभियान के तहत 15 जून को ही पुलिस ने प्रदेशभर में 7,208 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। इनमें—
* 2,646 ब्लैक फिल्म
* 1,926 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट
* 984 अनाधिकृत शब्द और चिन्ह
* 654 अवैध मॉडिफिकेशन
* 653 अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती व हूटर
* 345 प्रेशर हॉर्न के मामले शामिल रहे।

जयपुर वेस्ट रहा सबसे आगे —–
जिला स्तर पर कार्रवाई के मामले में जयपुर वेस्ट सबसे आगे रहा, जहां एक ही दिन में 470 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके बाद धौलपुर (321), जयपुर यातायात (308), चित्तौड़गढ़ (303), जयपुर ग्रामीण (284) और बारां (271) का स्थान रहा।

आमजन से की अपील —-
डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार की अवैध मॉडिफिकेशन, ब्लैक फिल्म, अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, हूटर और प्रेशर हॉर्न का उपयोग न करें। यातायात नियमों का पालन न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि सड़क पर सभी की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

पुलिस के अभियान स्पष्ट संकेत —
राजस्थान पुलिस का यह अभियान स्पष्ट संकेत है कि सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं होगी। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

