फर्जी डिग्री से सरकारी नौकरी पाने चढ़ा पुलिस के हत्थे

0
127
Oplus_131072

मीनेष चन्द्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख

जयपुर। राजस्थान में सरकारी नौकरियों में सेंधमारी करने वाले फर्जीवाड़े के सिंडिकेट पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने एक और बड़ा प्रहार किया है। बैक डेट की फर्जी B.P.Ed. (शारीरिक शिक्षा स्नातक) डिग्री के दम पर शारीरिक शिक्षक (PTI Third Grade) की कुर्सी हथियाने वाले चंद्र सिंह पटेल (41) को SOG की टीम ने दबोच लिया है। बर्खास्तगी के बाद पिछले डेढ़ साल से पुलिस को छका रहा यह आरोपी आखिरकार जोधपुर ग्रामीण से पकड़ा गया।

1.20 लाख में खरीदी थी फर्जी ‘काबिलियत’

गौरतलब है कि SOG एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी चंद्र सिंह पटेल (निवासी बिलाड़ा, जोधपुर) ने ‘शारीरिक शिक्षा अध्यापक भर्ती-2021’ में फर्जी दस्तावेज लगाकर सफलता हासिल की थी। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने बाबूलाल उर्फ बाबू पटेल, प्रदीप कुमार शर्मा और रवि त्यागी नाम के दलालों को 1.20 लाख रुपए देकर बैक डेट की फर्जी B.P.Ed. डिग्री तैयार करवाई थी।
जब शिक्षा विभाग ने दस्तावेजों का सत्यापन कराया, तो इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ। फर्जीवाड़ा उजागर होते ही विभाग ने आरोपी को पद से बर्खास्त कर दिया था।

डेढ़ साल से काट रहा था फरारी

नौकरी जाने और गिरफ्तारी की तलवार लटकते देख आरोपी चंद्र सिंह पटेल पिछले 18 महीनों से जोधपुर शहर और आसपास के इलाकों में ठिकाने बदल-बदल कर छिप रहा था। SOG की विशेष टीम लगातार उसके सुराग तलाश रही थी और आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार दोपहर आरोपी को अदालत में पेश किया गया।


यूनिवर्सिटी के चांसलर और पूर्व रजिस्ट्रार समेत 22 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार


राजस्थान में फर्जी डिग्री रैकेट की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि SOG इस मामले में अब तक 22 बड़े चेहरों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि इस पूरे खेल में शामिल ओपीजेएस यूनिवर्सिटी (चूरू) तथा जेएस यूनिवर्सिटी (शिकोहाबाद, उत्तर प्रदेश) की मुख्य भूमिका रही है। इन विश्वविद्यालयों के चांसलर, पूर्व रजिस्ट्रार और नेटवर्क से जुड़े दलालों (बाबूलाल, प्रदीप और रवि) को SOG पहले ही सलाखों के पीछे धकेल चुकी है।
SOG की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से फर्जी दस्तावेजों के दम पर नौकरी हथियाने वाले अन्य मुर्गों और शिक्षा माफियाओं में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे और भी कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here