मीनेश चंद्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख
जयपुर । राजधानी जयपुर के प्रसिद्ध मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में शनिवार दोपहर एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां दर्शन करने आई महिला सब-इंस्पेक्टर और ड्यूटी पर तैनात पुरुष कॉन्स्टेबल के बीच पार्किंग को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई। इस घटना ने पुलिस महकमे के आंतरिक अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कॉन्स्टेबल और महिला SI के बीच हाथापाई
गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर अपने बच्चों के साथ स्कूटी पर मंदिर दर्शन के लिए पहुंची थीं। उन्होंने मंदिर के पास रास्ते में ही वर्दी का रोब दिखाते हुए अपनी स्कूटी खड़ी कर दी। ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल हरवेन्द्र सिंह ने उन्हें बीच रास्ते में वाहन खड़ा न करने की हिदायत दी। महिला SI ने कहा कि वह सिर्फ 10 मिनट में दर्शन करके लौट आएंगी, लेकिन कॉन्स्टेबल ने नियमों का हवाला देते हुए स्कूटी हटाने पर जोर दिया। मामला धीरे-धीरे तूं-तूं , मैं-मैं तक पहुंच गया और दोनों के बीच गर्मागर्म बहस शुरू हो गई। आरोप है कि महिला सब-इंस्पेक्टर ने पहले कॉन्स्टेबल को धक्का दिया, जिसके बाद कॉन्स्टेबल ने भी जवाबी कार्रवाई की और मामला दें घूंसा, दें लात तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने दोनों को अलग-अलग किया।
दोनों पक्ष थाने पहुंचे, अपनी अपनी कराई रिपोर्ट दर्ज
घटना के बाद दोनों पक्षों को मोतीडूंगरी पुलिस थाने ले जाया गया। महिला सब-इंस्पेक्टर ने कॉन्स्टेबल हरवेन्द्र के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। वहीं कॉन्स्टेबल भी अपना पक्ष रखते हुए महिला अधिकारी पर नियम तोड़ने और राजकार्य में बांधा एवं मारपीट का आरोप कर मामला दर्ज कराया।
पुलिस अधिकारियों की प्रतिक्रिया
काबिले गौर है कि एडीसीपी (ईस्ट) आलोक सिंघल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला SI की शिकायत पर मोतीडूंगरी थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच एसीपी (गांधीनगर) नारायण बाजियां को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। किसी भी पक्ष को बचा नहीं जाएगा।