मीनेश चंद्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख
जयपुर। हाथी सवारी के लिए प्रसिद्ध आमेर एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। हाथी को गुलाबी रंग से पोतने पर न केवल आदमी बल्कि अन्य हाथी भी रंगीन हाथी को देखकर चौंक गए।

हाथी को गुलाबी रंग में पोता गया फोटोशूट के लिए
गौरतलब है कि जयपुर में रूसी फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा के फोटोशूट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस फोटोशूट में एक हाथी को गुलाबी रंग में रंगा गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। जहां कुछ लोग इसकी सुंदरता और क्रिएटिविटी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई लोग इसे पशु क्रूरता से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं। बताया गया कि जूलिया ने जयपुर में 6 हफ्ते बिताकर यह प्रोजेक्ट तैयार किया, जिसे पिंक सिटी से प्रेरणा मिली। हेरिटेज गेट के सामने मॉडल यशस्वी के साथ गुलाबी हाथी के साथ यह शूट किया गया।

पहले भी एक हाथी मर चुका रंग से पोतने पर
लोगों ने कहा कि इसी प्रकार कुछ समय पहले एक हाथी को रंग से पोता गया था, रंग पोतने के बाद हाथी की मौत हो गई थी। परंतु फोटोग्राफर का दावा है कि हाथी पर लगाया गया रंग ऑर्गेनिक और लोकल था, जो त्योहारों में भी इस्तेमाल होता है। हाथी मालिक शादिक खान के अनुसार, ‘चंचल’ नाम के हाथी पर केवल 10 मिनट के लिए कच्चा गुलाल लगाया गया और तुरंत बाद पानी से साफ कर दिया गया।

हाथी गांव विकास समिति के अध्यक्ष बल्लू खान ने भी कहा कि केवल आधी बॉडी पर ही रंग लगाया गया था। इस बीच सामने आया कि हाथी ‘चंचल’ का फरवरी में निधन हो चुका है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं।