मीनेश चन्द्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख
जयपुर। राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं दूदू विधानसभा क्षेत्र के के विधायक डॉ. प्रेमचन्द बैरवा ने अधिकारियों के साथ शुक्रवार को अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय जनों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही, प्रभावित व पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री प्रदान की गई ताकि इस कठिन समय में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनसेवा और हर ज़रूरतमंद तक सहायता पहुँचाना ही हमारा प्रथम कर्तव्य है।

अतिवृष्टि से नुकसान जांचने ट्रैक्टर पर निकले उपमुख्यमंत्री >>>
गौर तलब है कि प्रदेश के डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा शुक्रवार को दूदू विधानसभा क्षेत्र में बारिश से हुए नुकसान को लेकर दूदू पहुंचे और अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय पर दूदू, फागी और मौजमाबाद उपखंड के राजस्व, पंचायतीराज और शहरी निकाय, पुलिस, जल संसाधन विभाग, सिंचाई विभाग के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में क्षेत्र में अतिवृष्टि से हुई फसल खराबे और नुकसान ओर राहत कार्यों की रिपोर्ट मांगी गई। डिप्टी सीएम ने दूदू तहसील की ग्राम पंचायतों में हुए सर्वाधिक नुकसान और राहत कार्यों की धीमी गति को लेकर दूदू एसडीएम रमेश कुमार को राहत कार्यों में देरी को लेकर नाराजगी जताई, और तत्काल पीडितों को मदद पहुंचाने के निर्देश दिए।

नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी ईओ मीटिंग में नहीं पहुंचने पर जताई नाराजगी >>>
उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा ने दूदू शहरी क्षेत्र के नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारी ईओ मीटिंग में नहीं पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद वे मौजमाबाद उपखंड के सबसे अधिक प्रभावित सेवा गांव पहुंचे और पीड़ित किसानों व ग्रामीणों से मिलकर हालचाल जाना। अधिकारियों के साथ गांवों में जाकर नुकसान का जायजा भी लिया। डिप्टी सीएम बैरवा ने मौके पर जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री की किट वितरित की। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर गोपाल परिहार, एएसपी शिवलाल बैरवा, मौजमाबाद एसडीएम बलबीर सिंह, फागी एसडीएम राकेश कुमार, दूदू एसडीएम रमेश कुमार और मौजमाबाद तहसीलदार सुरेंद्र बिश्नोई, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रकाश चंद जैन, पंचायत समिति सदस्य संजय सिंह सिरोही, फागी मंडल अध्यक्ष रामदयाल टोडावता, जिला परिषद सदस्य रामरतन नासना सहित कई भाजपा पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

दूदू जल संसाधन विभाग को जारी होगा बजट >>>
विधानसभा क्षेत्र दूदू वित्तीय बजट से जूझ रहे जल संसाधन विभाग के अधिकारियों से नहरों की मरम्मत को लेकर डिप्टी सीएम बैरवा ने रिपोर्ट मांगी तो अधिकारियों ने बजट की कमी की बात बताई। जिसके बाद डिप्टी सीएम ने तत्काल जल संसाधन विभाग के सीनियर अफसर को तत्काल बजट जारी करने के निर्देश दिए।
मौजमाबाद में आपदा राहत प्रबंधन के बेहतर मैनेजमेंट की तारीफ >>>
उप मुख्यमंत्री डॉक्टर प्रेमचंद बैरवा अतिवृष्ट क्षेत्र के जायजा लेने के दौरान सेवा गांव में प्रभावित लोगों से रूबरू हुए तो मौजमाबाद एसडीएम बलवीर सिंह और तहसीलदार सुरेंद्र बिश्नोई के बेहतर मैनेजमेंट की डिप्टी सीएम में तारीफ भी की गई।

आरएसआरडीसी अधिकारियों को लगाई फटकार >>>
इसी दौरान दूदू-मालपुरा स्टेट हाईवे पर सेवा गांव के हुए जल भराव को लेकर स्टेट हाईवे पर अधिकारियों और लोगों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। दूसरी और आरएसआरडीसी के अधिकारियों को मामले में फटकार लगाई और सड़क पर पानी निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, दूसरी और दूदू, फागी, पीडब्ल्यूडी विभाग के इंजीनियरों से क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने और गड्डों को भरने को लेकर भी निर्देशित किया गया।
