मीनेश चन्द्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख
जमवारामगढ़। जयपुर जिले के तहसील जमवारामगढ़ क्षेत्र के लाली में अधिशासी अभियंता कार्यालय के नवीन भवन का रविवार को महेंद्र पाल मीना द्वारा विधिवत शुभारंभ किया गया। करीब ₹1 करोड़ की लागत से निर्मित यह भवन विभागीय कार्यों को सुचारु रूप से संचालित करने के साथ-साथ क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गति देने में सहायक होगा।


आमजन की समस्याओं का त्वरित होगा समाधान – आर सी मीणा >>>
अधिशासी अभियंता आरसी मीणा ने कहा कि अब क्षेत्र के लोगों को विभागीय कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सकेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस भवन में कार्यालयीन कार्यों के लिए पर्याप्त कक्ष, बैठक व्यवस्था और अभिलेख रखने की सुविधाएं विकसित की गई हैं। अधिकारियों ने कहा कि मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था के लिए आधारभूत ढांचे का विकसित होना जरूरी है। नए भवन के बनने से योजनाओं की मॉनिटरिंग बेहतर होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि जमवारामगढ़ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

₹18.36 लाख की लागत से मेदराजसिंहपुरा में बनेगी भोजनशाला >>>
इस मौके पर जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। साथ ही समग्र शिक्षा राज्य बजट के अंतर्गत स्वीकृत ₹18.36 लाख की लागत से मेदराजसिंहपुरा में बनने वाली भोजनशाला का भी शिलान्यास किया गया। यह भवन छात्राओं को बेहतर, स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन व्यवस्था उपलब्ध कराएगा। विधायक ने कहा कि शिक्षा के साथ सुविधाओं का विस्तार ही हमारा संकल्प है तथा जमवारामगढ़ की हर जरूरत और हर विकास कार्य के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध हैं।