भरत लाल मीना
हैलो सरकार न्यूज़ नेटवर्क
दौसा। सरकार की कुंभकर्णी नींद के चलते सरकारी जमीन पर धड़ाधड़ अतिक्रमण हो रहे हैं। शिकायत करने के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारियों के कानों से जूं तक नहीं रेंग रही हैं। जी हां, यह बात पूरे सौलह-आने सही है।
दौसा-लालसोट सड़क पर बावड़ी के पास सरकारी जमीन पर हो रहे हैं अतिक्रमण >>>
गौर तलब है कि कस्बे में दौसा-लालसर सड़क पर बावड़ी के पास सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण से रास्ता बंद होने के विरोध में चाचा-भतीजे पानी की टंकी पर चढ़ गए। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर ढाई घंटे तक समझाइश कर दोनों को नीचे उतारा।


क्या है मामला >>>
चौंकाने वाले मामले के बारे में भांडारेज के रामफूल व रामेश्वर ने बताया कि खेत पर जाने के रास्ते में सरकारी जमीन पर लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है, जिससे रास्ता बंद है। इसकी शिकायत नगरपालिका में की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। फिर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी से शिकायत की तो उन्होंने कर्मचारी को भेज कर सरकारी जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को बंद कराया था। लेकिन फिर अतिक्रमण कर लिया। इससे तंग आकर शुक्रवार दोपहर 3.30 बजे रामफूल व भतीजा रामेश्वर खेड़ली दरवाजा स्थित पानी टंकी पर चढ़ गए। टंकी पर चढ़ते ही आसपास के क्षेत्र में अपरा-तफरी मच गई।

दौसा डीएसपी रवि शर्मा पहुंचे मौके पर >>>
कोई बड़ी अनहोनी घटना ना घटित हो जाए, इस बात से चिंतित होकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पानी की टंकी पर चढ़े दोनों चाचा-भतीजे को भांडारेज तहसीलदार रामसिंह, सदर थानाधिकारी रविन्द्र चौधरी ने करीब 2.30 घंटे तक समझाइश कर शाम 6 बजे नीचे उतारा। इस दौरान दौसा डीएसपी रवि शर्मा मौके पहुंचे। टंकी पर चढ़े चाचा भतीजा की मांग की है कि सरकारी जमीन पर नगरपालिका का बोर्ड लगाया जाए। दौसा डिप्टी रवि शर्मा ने बताया कि नगरपालिका सरकारी जमीन पर नगरपालिका का बोर्ड लगा दिया जाएगा। अब सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं होगा। यह कहना गलत ना होगा कि दौसा प्रशासन को सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के बारे में बखूबी जानकारी है कि बड़ी मात्रा में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण कई सालों से हो रहा है। लेकिन सरकार की निष्क्रियता के कारण अतिक्रमियों के हौसले बुलंद रहते हैं।
