अजी सुणों सरकार !!! रिश्वत में ट्रैप हुआ बिजली निगम कालवाड़ के जेईएन की कुर्सी 20 महीने से खाली

0
212


मीनेश चन्द्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख


जयपुर। राजस्थान में भजनलाल सरकार का एक ऐसा नमूना सामने आया है जहां रिश्वत के कांड में ट्रैप होने के बाद से पद पिछले पौने दो साल से खाली चल रहा है। जी हां यह बात पूरे सौलह-आने सही है। 6 दिसंबर 2023 को कालवाड़ बिजली निगम कार्यालय के तत्कालीन जेईएन अनिल कुमावत को एसीबी ने 17,000 रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप किया था। इस कार्रवाई के बाद से ही कालवाड़ जेईएन का पद रिक्त पड़ा हुआ है।



करीब 25 हजार उपभोक्ता बुरी तरह प्रभावित >>>

गौरतलब है कि 20 महीने बीत जाने के बावजूद विभाग ने अब तक नई नियुक्ति नहीं की। नतीजा यह हुआ कि कालवाड़ और लालपुरा दोनों की जिम्मेदारी एक ही जेईएन के कंधों पर डाल दी गई। इससे करीब 25 हजार उपभोक्ता बुरी तरह प्रभावित हैं। नए कनेक्शन महीनों अटके रहते हैं और फाल्ट सुधारने में घंटों लग जाते हैं। हालांकि निगम के अधिकारी इसे स्थानांतरण और नियुक्ति प्रक्रिया की औपचारिकता बता कर टालते रहे हैं। वर्कलोड ज्यादा होने से अधिकारी प्रॉपर तरीके से काम नहीं कर सकते हैं।



बिजली कनेक्शन मिलने में लग जाते हैं 2-3 महीने >>>

नई कॉलोनियों में कनेक्शन अटके विद्युत निगम ने लालपुरा में पदस्थापित जेईएन प्रिया कटियार को कालवाड़ का अतिरिक्त चार्ज सौंप रखा है। यानी लालपुरा और कालवाड़ दोनों जगहों के 25 हजार उपभोक्ताओं का जिम्मा एक ही जेईएन के भरोसे है। कालवाड़ और आसपास के इलाकों में बीते कुछ सालों में कई नई कॉलोनियां विकसित हुई हैं। इनमें कनेक्शन दिलाने की प्रक्रिया बेहद धीमी पड़ गई है। उपभोक्ता महीनों चक्कर काटते हैं, लेकिन स्टाफ की कमी के चलते फाइलें अटक जाती हैं। नई बस्तियों में रहने वाले लोगों का कहना है कि घर बनकर तैयार हो जाते हैं, मगर बिजली कनेक्शन मिलने में 2-3 महीने तक लग जाते हैं। फाल्ट आने पर घंटों ठप रहती है सप्लाई: ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में या फाल्ट आने पर घंटों बिजली गुल रहती है। जेईएन एक ही समय में दो-दो जगह नहीं पहुंच पाते। नतीजा यह होता है कि कई गांवों में देर रात तक अंधेरा छाया रहता है।

एईएन को खुद करना पड़ता है जेईएन का काम >>>

कालवाड़ एईएन मोहनलाल शर्मा ने माना कि पिछले 20 महीनों से स्थिति बेहद खराब है। एक जेईएन पर पूरे क्षेत्र का भार है। कई बार उपभोक्ताओं का काम समय पर नहीं होने पर मुझे स्वयं का काम छोड़कर उनका काम करना पड़ता है। उपभोक्ताओं को कनेक्शन में देरी हो रही है, फाल्ट आने पर भी कई बार समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here