
कजोड़ मल मीना
हैलो सरकार लीगल फोरम हेड
नई दिल्ली। भारत के सबसे बड़े न्याय मंदिर ने नारकोटिक्स मामलों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर ऐसा महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है, जिससे न केवल पुलिस के खुले हाथों को कानून की जंजीर से बांधा है अपितु देशभर में NDPS Act के मुकदमों की दिशा भी बदल सकती है। जी हां, यह बात पूरी सोलह आने सही है।
सुप्रीम कोर्ट ने साफ किया—हर तलाशी पर धारा 50 का हथियार नहीं चल सकता, लेकिन धारा 42 की कानूनी कसौटी से पुलिस बच भी नहीं सकती!
गौरतलब है कि Kashmir Ram @ Pappi बनाम State of Punjab, 2026 INSC 854 में सुप्रीम कोर्ट ने तलाशी और बरामदगी की वैधानिक प्रक्रिया को बारीकी से परखा और यह स्पष्ट किया कि धारा 50 NDPS Act का संरक्षण व्यक्ति की व्यक्तिगत तलाशी तक सीमित है; वाहन की तलाशी को उसी कसौटी पर नहीं परखा जा सकता। इस प्रकार पुलिस अब किसी आरोपी की व्यक्तिगत तलाशी ही ले सकती हैं
पुलिस पर अंकुश लगाने का असली बिंदु—धारा 42
आपको बता दें, सुप्रीम कोर्ट ने इस तथ्य को माना कि परिस्थितियों के अनुसार धारा 42 में substantial compliance महत्वपूर्ण हो सकती है। यानी ऐसी आकस्मिक और तात्कालिक परिस्थितियों में जहां पहले से लिखित सूचना तैयार करना संभव नहीं था, पुलिस अधिकारी द्वारा सूचना की मूल बातों को तत्काल लिखित रूप में दर्ज करना तथा वरिष्ठ अधिकारी को शीघ्र सूचित करना कानूनी अनुपालना के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं कि पुलिस को धारा 42 की प्रक्रिया से खुली छूट मिल गई। इस निर्णय से NDPS के मामले में सभी आरोपी फायदा उठाने का भरपूर प्रयास करेंगे। हालांकि इस फैसले की असली धार है—“Urgency” पुलिस के लिए अपवाद पैदा कर सकती है, लेकिन मनमानी का लाइसेंस नहीं।
वाहन की तलाशी में धारा 50 क्यों नहीं?
काबिले गौर है कि NDPS Act की धारा 50 को लेकर अभियुक्त पक्ष अक्सर यह तर्क देता है कि तलाशी से पहले उसे मजिस्ट्रेट या राजपत्रित अधिकारी के समक्ष तलाशी का अधिकार बताया जाना चाहिए। इस प्रकार की धारणा के बारे में सुप्रीम कोर्ट ने फिर स्पष्ट किया कि Section 50 का मूल संरक्षण “personal search” से जुड़ा है।
यदि बरामदगी वाहन, कंटेनर या किसी वस्तु की तलाशी से हुई है, तो केवल इस आधार पर कि वह वस्तु अभियुक्त के कब्जे में थी, धारा 50 को व्यक्तिगत तलाशी की तरह लागू नहीं किया जा सकता।
इस निर्णय से अभियुक्तों के लिए खतरे की घंटी या पुलिस के लिए चेतावनी? फैसले को केवल “पुलिस के पक्ष में फैसला” मानना अधूरा होगा।
सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट संदेश
आपको इस खबर से जानकार करादे कि जहां कानून तत्काल कार्रवाई की अनुमति देता है, वहां पुलिस को प्रक्रिया की आत्मा का पालन करना होगा; और जहां कानून कठोर सुरक्षा देता है, वहां उस सुरक्षा को महज औपचारिकता समझकर खत्म नहीं किया जा सकता।
NDPS मामलों में यह अंतर बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि एक तरफ नशीले पदार्थों की बरामदगी और त्वरित कार्रवाई की जरूरत है, वहीं दूसरी तरफ कठोर दंड वाले कानून में अभियुक्त के वैधानिक अधिकारों की भी रक्षा आवश्यक है।
भारत में हर NDPS मुकदमे में ये सवाल उठेंगे!
इस फैसले के बाद बचाव पक्ष के वकीलों के लिए कुछ सवाल बेहद महत्वपूर्ण हो जाएंगे—
1. पुलिस को सूचना कब मिली?
2. सूचना का वास्तविक substance कब और कैसे दर्ज किया गया?
3. वरिष्ठ अधिकारी को कब सूचना दी गई?
4. क्या वास्तव में ऐसी urgency थी कि पहले लिखित कार्रवाई संभव नहीं थी?
5. तलाशी व्यक्ति की हुई या वाहन/वस्तु की?
6. बरामदगी की पूरी chain of custody क्या है?
7. पुलिस की कार्रवाई contemporaneous record से पुष्ट होती है या बाद में कागज तैयार किए गए?
यही प्रश्न किसी NDPS मुकदमे में अभियोजन की कहानी को मजबूत भी कर सकते हैं और उसकी नींव भी हिला सकते हैं।
⚡ सुप्रीम कोर्ट का संदेश साफ है
NDPS Act कठोर कानून है—लेकिन कठोर कानून का अर्थ यह नहीं कि पुलिस कानून से ऊपर हो गई। वहीं दूसरी ओर कानूनी safeguards का अर्थ यह भी नहीं कि हर procedural objection अपने आप पूरी prosecution को ध्वस्त कर देगा।
फैसले को एक लाइन में समझना
यदि आपको इस फैसले को एक लाइन में समझना हो तो—
«“NDPS में पुलिस की हर गलती माफ नहीं होगी, लेकिन हर procedural objection भी अभियुक्त को स्वतः बरी नहीं कराएगा।”»
यानी अब असली लड़ाई केवल यह नहीं होगी कि “क्या बरामद हुआ?”
बल्कि यह भी होगी—
“बरामदगी कानून के किस रास्ते से हुई?”
और यही सवाल आने वाले NDPS मुकदमों में दोषसिद्धि और बरी होने के बीच निर्णायक अंतर पैदा कर सकता है।
भारत के सुप्रीम कोर्ट ने NDPS मुकदमों की बहस को एक बार फिर उसी मूल सवाल के सामने ला खड़ा किया है—नशे के खिलाफ लड़ाई कितनी भी कठोर क्यों न हो, कानून की सीमा रेखा के भीतर ही लड़ी जाएगी।
