मीनेश चंद्र मीना
हैलो सरकार ब्यूरो प्रमुख
जयपुर। बीसलपुर पेयजल परियोजना में मेंटेनेंस कार्य के चलते 29 और 30 मार्च को जयपुरवासियों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है, जिससे गर्मी की शुरुआत में ही परेशानी बढ़ने के आसार हैं।

अधिकांश इलाकों में पानी की सप्लाई बंद
राजधानी जयपुर में बीसलपुर पेयजल परियोजना के तहत होने वाले मेंटेनेंस कार्य के चलते अगले दो दिनों तक जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 29 और 30 मार्च को शहर के अधिकांश इलाकों में पानी की सप्लाई बंद या आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी।
सूरजपुरा पंपिंग स्टेशन की सप्लाई 28 मार्च से बंद
बीसलपुर प्रोजेक्ट के मुख्य अधिकारी सुधीर वर्मा के अनुसार पेयजल लाइन की मरम्मत के चलते 28 मार्च की रात से ही पंपिंग बंद कर दी गई है। अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि सूरजपुरा पंपिंग स्टेशन के लिए पानी की सप्लाई 28 मार्च रात 8 बजे से 29 मार्च रात 8 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगी।
इसका असर सीधे तौर पर जयपुर शहर की जलापूर्ति पर पड़ेगा। 29 मार्च को शहर में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी, जबकि 30 मार्च की सुबह भी लोगों को जलापूर्ति नहीं मिल सकेगी। हालांकि 30 मार्च की शाम तक कुछ क्षेत्रों में आंशिक रूप से पानी की सप्लाई शुरू की जा सकती है।

मेंटेनेंस कार्य गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए किया
विभाग के अनुसार यह मेंटेनेंस कार्य गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है ताकि आगे किसी बड़ी समस्या से बचा जा सके और शहरवासियों को सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
वहीं, 31 मार्च की सुबह से जयपुर में जलापूर्ति फिर से सामान्य होने की उम्मीद है। ऐसे में विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे पहले से पानी का भंडारण कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।